बलिया । थाना रसड़ा क्षेत्र में मंगलवार 15 अप्रैल 2026 को एक वृद्ध की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम नत्थूपुर के पास महेंद्र चौहान (75) का शव पड़ा हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल के पास ही मृतक की पत्नी घायल अवस्था में मिलीं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बलिया रेफर किया गया।
मृतक के पुत्र शुकुल चौहान ने बताया कि परिवार में गेहूं की दो बोरी अपनी बेटी को देने को लेकर पिछले दो दिनों से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते घटना की आशंका जताई जा रही है। शुकुल चौहान की तहरीर पर पुलिस ने मृतक के पुत्र पप्पू चौहान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने नामजद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।







