Search
Close this search box.

बलिया में मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं-बालिकाओं को सुरक्षा, अधिकार और हेल्पलाइन सेवाओं की दी गई जानकारी

बलिया । उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से संचालित “मिशन शक्ति फेज-05” के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनपद बलिया में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के कुशल निर्देशन में जनपद के समस्त थानों की मिशन शक्ति टीम एवं महिला सुरक्षा दल द्वारा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान उत्तर प्रदेश शासन एवं पुलिस विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, सुरक्षा उपायों और सहायता सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं को आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता प्राप्त करने हेतु महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों—1090 (वीमेन पावर लाइन), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) एवं 181 (वन स्टॉप सेंटर) के उपयोग के लिए प्रेरित किया गया।

इसके अतिरिक्त शिकायत निवारण तंत्र के तहत महिला हेल्प डेस्क, जनसुनवाई पोर्टल, जिला संरक्षण अधिकारी तथा महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया समझाई गई। विधिक सहायता के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका पर प्रकाश डाला गया, जिससे जरूरतमंद महिलाएं निशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकें।

साइबर सुरक्षा के प्रति भी जागरूक करते हुए संदिग्ध लिंक या ओटीपी साझा न करने की सलाह दी गई तथा किसी भी वित्तीय धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल 1930 पर संपर्क करने को कहा गया। बच्चों को ‘गुड टच’ और ‘बैड टच’ के बारे में सरल भाषा में जानकारी देकर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

सजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।

Leave a Comment

और पढ़ें