बलिया । पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना दोकटी पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। हत्या के प्रयास के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामिया बदमाश धीरज सिंह उर्फ मोहर सिंह को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस तथा एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार देर रात दोकटी ढाला के पास मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम वांछित अभियुक्त की तलाश में थी। इसी दौरान खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके बाएं पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में पता चला कि धीरज सिंह ने 22 मार्च 2026 को सुजीत कुमार सिंह पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया था और तब से फरार चल रहा था। घायल बदमाश को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी सोनबरसा भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस सफलता को अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
संजय सिंह रिपोर्टर बलिया।










