Search
Close this search box.

बदरीनाथ धाम के कपाट खुले: वैदिक मंत्रों के बीच द्वार पूजन सम्पन्न, श्रद्धालुओं में उमड़ा आस्था का सैलाब

23 अप्रैल 2026, वैशाख शुक्ल सप्तमी के पावन अवसर पर उत्तराखंड के चमोली स्थित बदरीनाथ मंदिर के कपाट प्रातः 6:15 बजे विधि-विधान के साथ खोल दिए गए। कपाट खुलने से पूर्व वैदिक मंत्रोच्चार के बीच द्वार पूजा और पंचांग पूजन सम्पन्न हुआ। इस दौरान ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ‘1008’ के सान्निध्य में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए।

कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। द्वार पूजन के बाद नर पूजा की जिम्मेदारी रावल जी ने संभाली और पूरे विधि-विधान के साथ पूजा सम्पन्न कराई गई।

उल्लेखनीय है कि यह लगातार चौथा अवसर है जब शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी कपाट खुलने के अवसर पर उपस्थित रहे। वे 12 सितंबर 2022 को ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य पद पर प्रतिष्ठित हुए थे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अगले छह माह तक श्रद्धालु भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर पुण्य अर्जित कर सकते हैं।

कार्यक्रम में स्वामी सदाशिव ब्रह्मेन्द्रानन्द सरस्वती, स्वामी प्रत्यक्चैतन्यमुकुन्दानन्द गिरि, स्वामी निधिरव्यानन्द सागर सहित अनेक संत-महात्मा और भक्तगण मौजूद रहे। कपाट खुलने के साथ ही पूरे क्षेत्र में आस्था, भक्ति और उल्लास का वातावरण व्याप्त हो गया।

Leave a Comment

और पढ़ें