गाजीपुर। जनपद में जखनिया क्षेत्र में उस समय शोक की लहर दौड़ गई जब चार धाम की दस दिवसीय यात्रा से लौट रहे लोगों की कार का भीषण एक्सीडेंट हो गया। रविवार देर रात पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर उनकी कार खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गई, जिससे मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।मृतकों में अलीपुर मदरा निवासी अखिलानंद सिंह की पत्नी सुनीता सिंह (45 वर्ष) और बुढ़ानपुर निवासी अधिवक्ता रजनीकांत पांडे (52 वर्ष) शामिल हैं। घायल होने वालों में अखिलानंद सिंह, संजय पांडे (45 वर्ष) और उनकी पत्नी अंतिमा पांडे (42 वर्ष) शामिल हैं, जिनका इलाज आजमगढ़ के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

बताया जा रहा है कि सभी लोग चार धाम यात्रा पूरी कर घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। मृतक और घायल सभी जखनिया तहसील से जुड़े हुए हैं। सुनीता सिंह एक प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापिका थीं, जबकि अखिलानंद सिंह, संजय पांडे और रजनीकांत पांडे पेशे से अधिवक्ता हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए। तहसील परिसर में शोक छा गया और लोगों ने मृतकों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा। इस हादसे से गांव और क्षेत्र में गहरा दुख व्याप्त है।







