गाजीपुर। के सैदपुर क्षेत्र में रविवार को हुए एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। शरीफपुर स्थित हाईवे अंडरपास के पास एक यात्री बस की टक्कर से बाइक सवार एक ही परिवार की दो महिलाओं और दो माह की मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा युवक और उसकी एक वर्षीय पुत्री घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर के शाहपुर गांव निवासी प्रतीक गिरि अपनी पत्नी काजल गिरि, भाभी रितु देवी तथा दो बेटियों के साथ आजमगढ़ से घर लौट रहे थे। रास्ते में पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद सभी सड़क पर गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस चालक वाहन रोकने के बजाय आगे बढ़ गया, जिससे काजल गिरि, रितु देवी और दो माह की शिशु शेजल बस की चपेट में आ गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में प्रतीक गिरि और उनकी एक वर्षीय पुत्री श्रेया घायल हो गईं, जिनका उपचार सीएचसी सैदपुर में चल रहा है। पुलिस ने बस का पीछा कर उसे पकड़ लिया है। घटना के बाद परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है, जबकि निःसंतान रितु देवी की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।





