बलिया । जनपद में विश्व मजदूर दिवस के अवसर पर शुक्रवार को मॉडल तहसील सदर स्थित अधिवक्ता भवन में प्राकृतिक शक्ति फाउंडेशन ट्रस्ट एवं आदिवासी खरवार सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम में मजदूरों के अधिकारों और उनके ऐतिहासिक संघर्षों को याद करते हुए श्रमिकों के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।
सभा में वक्ताओं ने अमेरिका के शिकागो शहर में मजदूरों द्वारा किए गए ऐतिहासिक आंदोलन का उल्लेख करते हुए बताया कि साम्राज्यवादी और पूंजीवादी व्यवस्था के शोषण के खिलाफ मजदूरों ने संघर्ष कर अपने अधिकार प्राप्त किए। आंदोलन में शहीद हुए मजदूरों को संगठन की ओर से भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
सभा को संबोधित करते हुए गोपाल खरवार कर्णपुरी ने कहा कि एक समय मजदूरों से 16-16 घंटे काम कराया जाता था, लेकिन संघर्ष और बलिदान के बल पर आज श्रमिकों को 8 घंटे कार्य और उचित मजदूरी का अधिकार मिला है। उन्होंने मजदूर एकता और अधिकारों की रक्षा के लिए जागरूक रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में शिव शंकर खरवार, परशुराम खरवार, वासुदेव खरवार, रामसेवक खरवार, दिग्विजय खरवार, अनूप कुमार एवं विनय खरवार सहित कई लोग उपस्थित रहे।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।








