वाराणसी । के चितईपुर थाना क्षेत्र स्थित भिखारीपुर तालाब में शनिवार दोपहर एक अज्ञात व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार व्यक्ति मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रहा था और बिना कपड़ों के तालाब में उतरकर तैरते हुए बीच गहरे पानी तक पहुंच गया। आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही वह पानी में डूब गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही चितईपुर पुलिस मौके पर पहुंची और SDRF टीम को बुलाया गया। इंस्पेक्टर रविशंकर यादव के नेतृत्व में रेस्क्यू अभियान चलाया गया।
एसआई विवेक कुमार श्रीवास्तव, आरक्षी दीपक शर्मा, गुलशन कुमार, सुजीत कुमार शुक्ला, अमरपाल सिंह, गौतम समेत टीम के अन्य सदस्यों और स्कूबा ड्राइवरों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद तालाब से शव को बाहर निकाला।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस उसकी शिनाख्त कराने में जुटी हुई है।








