आगरा। उत्तर प्रदेश में स्मार्ट मीटरों को लेकर बढ़ते विवाद के बीच आगरा के अकोला कस्बे में शुक्रवार को ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया। बिजली बिलों में कथित अनियमितता और अधिक वसूली से नाराज सैकड़ों ग्रामीणों ने अपने घरों से स्मार्ट मीटर उतारकर बिजलीघर में जमा कर दिए और विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल रहीं। ग्रामीण पहले देवी मंदिर परिसर में एकत्र हुए, जहां से उन्होंने पैदल मार्च निकाला और बाजार होते हुए बिजलीघर पहुंचे। वहां प्रदर्शनकारियों ने स्मार्ट मीटरों का ढेर लगाकर विरोध जताया और नारेबाजी की।
ग्रामीणों का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बिजली बिलों में अचानक भारी बढ़ोतरी हो रही है। कई बार शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग कोई संतोषजनक समाधान नहीं कर रहा, जिससे लोगों में नाराजगी लगातार बढ़ रही है।
प्रदर्शन का नेतृत्व Bharatiya Kisan Union (टिकैत गुट) के जिला अध्यक्ष लवानिया ने किया। प्रदर्शनकारियों ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था पर तत्काल रोक लगाने और बिजली बिलों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।








