Search
Close this search box.

मरदह-राजबहावा मार्ग की जर्जर स्थिति से ग्रामीण परेशान, आए दिन हो रहे हादसे

गाजीपुर । मरदह क्षेत्र के राजबहावा मार्ग की हालत दिनों-दिन बदतर होती जा रही है। नहर के किनारे स्थित यह सड़क कोडरी, धनेशपुर, बड़ागांव, पनसेरवां समेत कई गांवों को जोड़ती है, लेकिन लंबे समय से मरम्मत न होने के कारण सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं।ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की जर्जर स्थिति के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

आए दिन बाइक सवार और साइकिल सवार गड्ढों में गिरकर घायल हो रहे हैं। बरसात के मौसम में गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस महत्वपूर्ण मार्ग की दुर्दशा के बावजूद जनप्रतिनिधियों और प्रशासन का ध्यान इस ओर नहीं जा रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि कई बार सड़क की मरम्मत की मांग उठाई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।क्षेत्रवासियों ने सांसद, विधायक तथा संबंधित विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि मरदह-राजबहावा मार्ग की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके और लगातार हो रहे हादसों पर रोक लग सके।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो वे जनहित में आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। क्षेत्र के लोगों को अब प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार है।

संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।

Leave a Comment

और पढ़ें