बलिया । 10 जून 2026 पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान के तहत थाना उभांव पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए 15 वर्षीय लापता नाबालिग बालक को मात्र 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 09 जून 2026 को बालक की माता ने थाना उभांव में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनका 15 वर्षीय पुत्र 08 जून की शाम अपने मित्र के साथ खेलने के लिए घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चलने पर पुलिस ने मु0अ0सं0 120/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर तलाश शुरू की।
प्रभारी निरीक्षक दिनेश पाठक के नेतृत्व में उपनिरीक्षक मुकेश कुमार एवं पुलिस टीम ने परिजनों के साथ मिलकर बेल्थरा रोड क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की। फुटेज के आधार पर मिले सुरागों के चलते पुलिस बजरंगबली मंदिर पहुंची, जहां से बालक को सकुशल बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में बालक ने बताया कि वह माता की डांट और मार के डर से बिना बताए घर छोड़कर चला गया था। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने बालक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने उभांव पुलिस की त्वरित एवं संवेदनशील कार्यशैली की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
बरामदगी टीम में उपनिरीक्षक मुकेश कुमार एवं आरक्षी अभिषेक शामिल रहे।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।








