बलिया: डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता, एसडीओ व अवर अभियंताओं के साथ बैठक की। निगम के कार्यों की समीक्षा की। गर्मी को देखते हुए निर्देश दिया कय फाॅल्ट या ट्रांसफाॅर्मर खराब होने पर तत्काल ठीक कराएं।
डीएम ने कहा कि विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को और सुदृढ़ करते हुए सुधार लाकर निर्बाध विद्युत आपूर्ति करें। ट्रिपिंग न हो, इस पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें। सब स्टेशन पर अवर अभियंताओं सहित अन्य संबंधित कार्मिकों की उपस्थिति रहने के लिए कहा।
स्मार्ट मीटर लगाने के कार्य की समीक्षा के दौरान प्रगति न पाए जाने पर नाराजगी प्रकट की।आंधी-तूफान आदि के कारण विद्युत खंभा या तार टूटने आदि की शिकायत प्राप्त होने पर तत्काल ठीक कराने को कहा। बांस व बल्ली के सहारे विद्युत आपूर्ति की शिकायत प्राप्त होने पर तत्काल कार्रवाई को कहा। यूपीपीसीएल कंज्यूमर एप के प्रति उपभोक्ताओं को जागरूक करने को कहा। शत-प्रतिशत मीटर रीडिंग कराने के भी निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज आदि थे।








