बिहार: शनिवार सुबह बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र स्थित अहियापुर गांव में बालू गिराने को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी झड़प हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडों के बाद अंधाधुंध फायरिंग शुरू हो गई, जिसमें एक ही परिवार के चार भाइयों की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
फायरिंग में सुनील सिंह (40 वर्ष), विनोद सिंह (50 वर्ष) और वीरेंद्र सिंह (35 वर्ष) की मौत हो गई। इनमें से दो की मौत मौके पर ही हो गई जबकि एक की इलाज के दौरान अस्पताल में जान चली गई। वहीं दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए, जिनमें से एक का वाराणसी में इलाज चल रहा है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, सुनील सिंह की बालू की दुकान पहले से ही मुख्य सड़क किनारे स्थित थी, लेकिन गांव के ही मनोज और उनके भाई संतोष ने उसी के पास अपना बालू गिरवा दिया, जिसको लेकर दोनों पक्षों में तनातनी चल रही थी।
शुक्रवार को सुनील के घर बारात आई थी, जिस वजह से उसके परिवार ने विवाद को टालते हुए बात को बाद में सुलझाने की बात कही थी। लेकिन शनिवार सुबह जब घर में विदाई कार्यक्रम चल रहा था, तभी मनोज पक्ष के लोग हथियारों से लैस होकर पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आला अधिकारी भी गांव में मौजूद हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।









