गाजीपुर: दुल्लहपुर रेलवे स्टेशन से करीब 3 किलोमीटर दूर एक छात्र की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना आज शाम 6 बजे की है। मृतक की पहचान मऊ जिले के भटौली सचुई बलभद्र निवासी नीरज भास्कर के रूप में हुई है। वह राधेश्याम का पुत्र था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नीरज ने मऊ-वाराणसी इंटरसिटी पैसेंजर के सामने कूदकर आत्महत्या की। घटना के समय वह पैदल ट्रैक पर चल रहा था और उसके पीछे बैग लटका हुआ था। मृतक के पास से मिले आधार कार्ड और कीपैड मोबाइल फोन से पता चला कि वह प्रयागराज में वन डे एग्जाम की तैयारी कर रहा था।
हालांकि, वह ट्रैक पर क्यों चल रहा था, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। सूचना मिलने पर परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। दुल्लहपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है।







