बलिया: बलिया शहर कोतवाली क्षेत्र के कदम चौराहा स्थित सियाराम प्लाजा के सामने बुधवार दोपहर करीब 2:45 बजे एक चलती कार में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि तेज गर्मी के कारण कार के इंजन से पहले धुआं निकलने लगा, जिसे देखकर कार में सवार लोग तुरंत बाहर निकल गए।
कुछ ही पलों में कार धू-धू कर जलने लगी और देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड कर्मियों और स्थानीय लोगों के अथक प्रयास से आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार में तीन से चार लोग सवार थे जो बैंरिया से फेफना की ओर जा रहे थे। जैसे ही वाहन सियाराम प्लाजा के पास पहुंचा, इंजन से धुआं निकलना शुरू हो गया। समय रहते सभी लोग बाहर निकल गए, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।
फिलहाल घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। प्रशासन द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
रिपोर्ट- अवधेश यादव








