गाजीपुर: जिले के भांवरकोल–बलिया मार्ग पर ओवरलोडिंग वाहनों के खिलाफ प्रशासन ने गुरुवार की मध्यरात्रि एक सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान 10 ओवरलोड वाहनों को सीज कर दिया गया। अभियान का नेतृत्व उपजिलाधिकारी मुहम्मदाबाद डॉ. हर्षिता तिवारी ने किया। उन्होंने बताया कि इस मार्ग पर ओवरलोडिंग को लेकर लगातार जनशिकायतें प्राप्त हो रही थीं, जिन पर संज्ञान लेते हुए यह कार्रवाई की गई।
जांच दल में शामिल अधिकारी
संयुक्त औचक जांच टीम में उपजिलाधिकारी मुहम्मदाबाद, क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद, परिवहन विभाग के पीटीओ, खनन अधिकारी, प्रभारी निरीक्षक मुहम्मदाबाद व पुलिस बल शामिल रहे।

आगे भी होगी कार्रवाई
एसडीएम हर्षिता तिवारी ने चेतावनी दी कि भविष्य में भी इस प्रकार की औचक चेकिंग जारी रहेगी। ओवरलोडिंग करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।











