वाराणसी: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज जनपद के प्रतिष्ठित सेमफोर्ड विद्यालय के प्रांगण में एकल अभियान द्वारा भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में एकल अभियान के पदाधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्वांचल प्रभारी ई. विवेक बरनवाल एवं विशिष्ट अतिथि अंचल सचिव अधिवक्ता अनुज ऊमरवैश्य रहे।
इस अवसर पर ई. विवेक बरनवाल ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, “योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम है, बल्कि यह मानसिक संतुलन और आंतरिक शांति भी प्रदान करता है। प्रत्येक व्यक्ति को इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए।”
अधिवक्ता अनुज ऊमरवैश्य ने कहा, “योग एक ऐसी प्राकृतिक चिकित्सा है जो व्यक्ति के बड़े से बड़े रोगों को भी नियंत्रित कर सकती है। आज के भाग-दौड़ भरे जीवन में सभी को कम से कम आधा घंटा योग के लिए निकालना चाहिए और परिवार सहित इसका अभ्यास करना चाहिए।”
कार्यक्रम के सफल आयोजन में कार्यक्रम प्रभारी मुकेश कुमार, सैय्यद अब्दुल, रीता कुमारी सहित अन्य कई पदाधिकारियों की सराहनीय भूमिका रही।
पूरे आयोजन में योग के विविध आसनों का अभ्यास कराया गया और उपस्थित जनों को नियमित योग अपनाने की प्रेरणा दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और योग के व्यापक प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देना था।











