वाराणसी: रामनगर थाना क्षेत्र में शनिवार को दो अलग-अलग स्थानों पर मिले शवों ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी। डोमरी घाट और बलुआ घाट से दो व्यक्तियों के शव बरामद किए गए हैं, जिनमें एक की पहचान हो चुकी है जबकि दूसरा शव अज्ञात व्यक्ति का है।
पहली घटना डोमरी घाट की है, जहां 18 वर्षीय महताब खान, पुत्र मुस्ताक मोहम्मद, निवासी चौरहट, थाना मुगलसराय, जनपद चंदौली, गंगा नदी में नहाते समय गहरे पानी में चले जाने के कारण डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
वहीं दूसरी घटना बलुआ घाट की है, जहां करीब 65 वर्षीय अज्ञात वृद्ध व्यक्ति का शव बरामद हुआ। सूचना मिलने पर रामनगर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। फिलहाल शव को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल, रामनगर की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है।
पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी हुई है और संबंधित थाना क्षेत्रों को भी सूचित कर दिया गया है। मृतकों की शिनाख्त व मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद की जाएगी।








