Search
Close this search box.

गाजीपुर में संपन्न हुई वाराणसी जोन की 74वीं पुलिस फुटबॉल प्रतियोगिता, जौनपुर और भदोही ने मारी बाजी

गाजीपुर: वाराणसी जोन की 74वीं अंतर्जनपदीय पुलिस फुटबॉल प्रतियोगिता (महिला/पुरुष) का सफल आयोजन 19 से 22 जून 2025 तक गाजीपुर जनपद में हुआ। रविवार को प्रतियोगिता का शानदार समापन हुआ, जिसमें खिलाड़ियों ने अनुशासन और खेल भावना का अद्भुत प्रदर्शन किया।

पुरुष वर्ग में जौनपुर की टीम ने भदोही को 2-0 से हराकर प्रथम स्थान हासिल किया और चल बैजन्ती अपने नाम की। वहीं भदोही की टीम को द्वितीय स्थान मिला। महिला वर्ग में भदोही ने बलिया को हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बलिया को द्वितीय स्थान से संतोष करना पड़ा।

प्रतियोगिता में वाराणसी जोन के नौ जनपदों — आजमगढ़, बलिया, भदोही, जौनपुर, मिर्जापुर, चंदौली, मऊ, सोनभद्र और गाजीपुर की टीमों ने हिस्सा लिया। पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों और कोचों द्वारा किसी भी प्रकार की आपत्ति नहीं जताई गई, जिससे आयोजन का स्तर सराहनीय रहा।

पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व पुरस्कार देकर सम्मानित किया और सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों की प्रशंसा करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

समापन समारोह में सभी टीमों ने मार्च पास्ट किया, जिसके बाद प्रतियोगिता के औपचारिक समापन की घोषणा की गई। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी नगर, प्रतिसार निरीक्षक, सहित कई अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

नेहरू स्टेडियम, गाजीपुर के निर्णायक मंडल की भूमिका को विशेष रूप से सराहा गया, जिनके सहयोग से प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

Leave a Comment

और पढ़ें