कानपुर: शहर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मामूली विवाद के चलते एक बेटे ने अपनी ही मां की हत्या कर दी। मृतका की पहचान उर्मिला के रूप में हुई है, जो लंबे समय से बीमारी और मानसिक तनाव से जूझ रही थीं।
घटना के वक्त उर्मिला का बड़ा बेटा, जो 12वीं का छात्र है, किचन में स्पीकर पर तेज आवाज में गाना सुन रहा था। शोर और तनाव से परेशान मां ने उसे गाना बंद करने को कहा। जब उसने अनसुना कर दिया, तो उर्मिला ने गुस्से में आकर स्पीकर जमीन पर पटक कर तोड़ दिया और बेटे को दो थप्पड़ जड़ दिए।
इस पर नाराज बेटे ने अपनी मां को पूरी ताकत से थप्पड़ मारा, जिससे वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ीं। इसके बाद बेटे ने मां के ही दुपट्टे से उनका गला कस दिया और शव को बेड के अंदर बंद कर दिया।
कुछ घंटे बाद छोटा बेटा स्कूल से लौटा और मां को ढूंढने लगा। जब उसे बेड से बाहर निकला मां का दुपट्टा नजर आया, तो उसने बेड खोलकर देखा। मां बेहोश पड़ी थीं। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी और मां को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उर्मिला की मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है। यह घटना एक ओर जहां परिवार में संवादहीनता और मानसिक दबाव की ओर इशारा करती है, वहीं बढ़ते किशोर अपराध की भी चिंताजनक तस्वीर पेश करती है।










