Search
Close this search box.

दान्दरपुर कांड: भागवत कथावाचक संत सिंह यादव के साथ अभद्रता, राष्ट्रीय बैकवर्ड महासभा ने जताया विरोध, कार्रवाई की मांग

बलिया: इटावा के बकेवर थाना क्षेत्र के दान्दरपुर गांव में भागवत कथा करने गए संत सिंह यादव के साथ कथित अभद्रता, जबरन सिर मुंडवाने और नाक रगड़वाने की घटना ने तूल पकड़ लिया है। इस प्रकरण को लेकर राष्ट्रीय बैकवर्ड महासभा ने तीखा विरोध जताते हुए पुलिस अधीक्षक इटावा को ज्ञापन सौंपा है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिमोहन यादव ने घटना को वर्चस्ववादी और जातिगत मानसिकता का शर्मनाक उदाहरण करार देते हुए कहा कि यह संविधान विरोधी कृत्य है और इससे पिछड़े समाज की गरिमा को ठेस पहुंची है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों पर तत्काल कठोरतम कार्रवाई नहीं की गई, तो राष्ट्रीय बैकवर्ड महासभा पूरे उत्तर प्रदेश में विरोध प्रदर्शन करेगी।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस मामले में राष्ट्रीय बैकवर्ड महासभा का एक प्रतिनिधिमंडल, इटावा जिलाध्यक्ष एडवोकेट जगवीर सिंह यादव के नेतृत्व में पीड़ित परिवार से मुलाकात करेगा और विस्तृत रिपोर्ट महासभा कार्यालय को सौंपेगा।

महासभा ने उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर पिछड़े, दलित और अनुसूचित समाज पर हो रहे अत्याचारों को लेकर भी सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि क्या वह ऐसे लोगों पर बुलडोज़र चलवाएगी और पीड़ितों को न्याय दिलाएगी।

इस ज्ञापन की प्रतिलिपि महासभा के प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महासचिव और इटावा जिला अध्यक्ष को भी भेजी गई है। पूरा मामला अब राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर गरमा गया है। पुलिस की अगली कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।

रिपोर्ट- अवधेश यादव

Leave a Comment

और पढ़ें