Search
Close this search box.

चेन्नई में “लव एट फर्स्ट साइट” से आतंक फैलाने तक: शादी से इनकार पर युवती ने देशभर में फैलाई बम की अफवाह, गिरफ्तार

चेन्नई/अहमदाबाद: चेन्नई की एक रोबोटिक्स इंजीनियर रैनी जोशील्डा ने प्यार में ठुकराए जाने के बाद ऐसा कदम उठाया कि देशभर की सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। रैनी पर आरोप है कि उसने 12 राज्यों के दर्जनों महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों में बम की झूठी खबर भेजी, जिससे पुलिस और खुफिया तंत्र में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, रैनी चेन्नई की एक फर्म में रोबोटिक्स इंजीनियर के पद पर कार्यरत है। वहीं पर काम करने वाले सहकर्मी दिविज प्रभाकर से उसे पहली नजर में प्यार हो गया। दोस्ती के बाद जब रैनी ने इस रिश्ते को शादी तक पहुंचाने की बात की तो दिविज ने इनकार कर दिया।

इस इनकार से आहत होकर रैनी ने बदला लेने की ठानी और देश के 12 राज्यों में स्थित प्रतिष्ठानों पर बम होने की झूठी ई-मेल भेजनी शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, उसने 21 मेल भेजे, जिनमें बम की अफवाह फैलाई गई थी।

जैसे ही इन मेल्स की सूचना मिली, कई राज्यों की पुलिस सतर्क हो गई और सुरक्षा जांच अभियान तेज कर दिए गए। जांच के दौरान सुराग दिविज से होते हुए रैनी तक पहुंचा और आखिरकार अहमदाबाद पुलिस ने रैनी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में रैनी ने स्वीकार किया कि उसने यह सब दिविज को सबक सिखाने के लिए किया था। पुलिस अब साइबर अपराध, झूठी सूचना फैलाने और राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डालने जैसी धाराओं में रैनी के खिलाफ केस दर्ज कर रही है। यह मामला बताता है कि व्यक्तिगत भावनात्मक असंतुलन किस तरह सार्वजनिक सुरक्षा और कानून व्यवस्था के लिए खतरा बन सकता है।

Leave a Comment

और पढ़ें