मिर्जापुर : शहर कोतवाली क्षेत्र के रामबाग कुरैशनगर मोहल्ले में रविवार की शाम छापेमारी के दौरान लगभग 2 कुंतल पशु का प्रतिबंधित मांस बरामद हुआ। पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में ले लिया। मामले में एसपी अभिनंदन ने पूरी अस्पताल चौकी को सस्पेंड कर दिया। इनमें प्रभारी हरिशंकर यादव 10 पुलिसकर्मी शामिल हैं। वहीं तीन मकान और एक गोदाम को सील कर दिया गया।
एएसपी ऑपरेशन ओपी सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में एक व्यक्ति प्रतिबंधित पशु मांस के साथ दिखाई दे रहा है। कुछ लोगों ने इसकी शिकायत एसपी से की। एसपी के निर्देश पर पुलिस टीम ने जांच की तो पता चला कि वायरल वीडियो शहर के रामबाग स्थित कुरैशनगर मोहल्ले का है। रविवार की शाम टीम ने कुरैशनगर मोहल्ले में छापेमारी की। पांच मकानों की तलाशी ली गई।
इस दौरान तीन मकान और एक गोदाम से कुल दो कुंतल मांस बरामद हुआ। मांस को गोदाम और डीप-फ्रीजर में डंप कर रखा गया था। पुलिस मकान और गोदाम को सील करते हुए मांस के सैंपल जांच को प्रयोगशाला भेज दिया। मौके से छह लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। आसपास के दुकानों के लाइसेंस की नपा से जांच कराई जा रही है। एएसपी आपरेशन ने बताया कि मोहल्ले के अन्य घरों में छापेमारी की जा रही है। मामले को लेकर कुरैशनगर रामबाग और आसपास के इलाकों में पुलिस व पीएसी की तैनात कर दी गई है।
इन पोलिसकर्मियों पर हुई कार्रवाई
मामले में लापरवाही बरतने वाले हरिशंकर यादव, हेड कांस्टेबल मोहम्मद अंसार, हेड कांस्टेबल प्रवीण कुमार, हेड कांस्टेबल सुधीर सहाय, हेड कांस्टेबल सतीश यादव, हेड कांस्टेबल संजय यादव, आरक्षी प्रेम प्रकाश, आरक्षी अजय गौतम, उपनिरीक्षक एलआईयू अलहम्द और मुख्य आरक्षी एलआईयू संजय सिंह को निलंबित किया गया है।









