Search
Close this search box.

वाराणसी: गुमशुदगी में लापरवाही का आरोप, गुलाबी देवी ने पुलिस कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन

वाराणसी: वाराणसी के दशवतपुर, गोसाईपुर मोहांव की रहने वाली गुलाबी देवी, जिनका पुत्र विशाल प्रजापति बीते 26 फरवरी 2025 से लापता है, ने पुलिस की उदासीनता और लापरवाही को लेकर पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने आरोप लगाया कि थाना शिवपुर द्वारा गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर मात्र खानापूर्ति की गई, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई है।

मामला क्या है?

गुलाबी देवी ने अपने पत्र में बताया कि उनका इकलौता पुत्र विशाल प्रजापति, जेसीबी ड्राइवर के रूप में मनसा यादव के यहां पिछले तीन महीने से कार्यरत था। 26 फरवरी को शिवरात्रि के दिन, विशाल को अहमदपुर रिंग रोड पर एक व्यक्ति अभिषेक यादव के साथ जाते देखा गया, जिसके बाद से वह लापता है। उसके मोबाइल नंबर 8112919090 पर भी संपर्क नहीं हो सका।

पुलिस पर गंभीर आरोप

गुलाबी देवी के अनुसार थाना शिवपुर ने गुमशुदगी पंजीकरण संख्या 0014/2025 के तहत रिपोर्ट तो दर्ज कर ली, लेकिन न फोन डिटेल खंगाले, न सीसीटीवी फुटेज देखे, और न ही मनसा यादव के खिलाफ कोई एफआईआर दर्ज की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि जब वह बार-बार थाने गईं, तो उन्हें धमकाकर भगा दिया गया। पुलिसकर्मियों ने कहा, “तुम्हारा लड़का मिल जाएगा तो सूचित कर देंगे, बार-बार थाने मत आओ। यहां तक कहा गया कि अगर ज्यादा बोलोगी तो “तुम पर ही मुकदमा दर्ज कर देंगे।

प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार

गुलाबी देवी ने कहा कि “हम थाने और प्रशासन के इस व्यवहार से पूरी तरह टूट चुके हैं। यदि अब भी कोई कार्यवाही नहीं हुई, तो मैं अपने पूरे परिवार के साथ थाना शिवपुर के सामने आत्मदाह को मजबूर हो जाऊंगी।

पीड़िता ने कहा कि मनसा यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए। मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल निकाली जाए। पुत्र की खोजबीन में तेजी लाई जाए। पुलिसकर्मियों के अमानवीय व्यवहार की जांच हो।

वहीं स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने भी इस मामले में गहरी चिंता व्यक्त की है। जनहित संगठनों ने पुलिस की निष्क्रियता की निंदा करते हुए तत्काल न्याय की मांग की है।

Leave a Comment

और पढ़ें