वाराणसी: नखास भूतभैरव मोहल्ले की निवासी पीड़िता सुधा केशरी ने गुरुवार को अपर पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचकर एक गंभीर प्रार्थना पत्र सौंपा और न्याय न मिलने की स्थिति में आत्महत्या करने की चेतावनी दी।
क्या है मामला?
पीड़िता सुधा केशरी ने बताया कि 12 जून 2025 को विनीत केशरी उर्फ पपली एवं हिस्ट्रीशीटर बल्लू सेठ समेत 15-20 दबंग लोग उनके घर में जबरन घुस आए। उन्होंने आरोप लगाया कि इन लोगों ने तोड़फोड़, लूटपाट की और दुकान पर कब्जा करने की कोशिश की, वहीं पुरी घटना का वीडियो साक्ष्य पीड़िता के पास उपलब्ध है।
पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए सुधा केशरी ने बताया कि उन्होंने चौकी और थाना कोतवाली में इसकी सूचना दी, लेकिन FIR दर्ज नहीं की गई। उल्टे उप निरीक्षक जितेंद्र कुमार द्वारा जबरन एक सुलहनामा (समझौता पत्र) पर हस्ताक्षर करवा लिया गया। सुधा केशरी ने इसको लेकर अपर पुलिस आयुक्त को भी लिखित शिकायत दी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
मजबूरी में आत्महत्या की चेतावनी
सुधा केशरी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि अगर मुझे न्याय नहीं मिला तो मैं आत्महत्या करने के लिए मजबूर हो जाऊंगी। मेरे साथ अन्याय हुआ है और प्रशासन सिर्फ आंखें मूंदे बैठा है।
पीड़िता ने मांग की कि 12 जून की घटना में एफआईआर दर्ज की जाए, तोड़फोड़ और लूट के वीडियो को साक्ष्य मानकर जांच हो, हिस्ट्रीशीटर बल्लू सेठ समेत सभी आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई हो, उप निरीक्षक जितेंद्र कुमार के खिलाफ जांच हो कि उन्होंने दबाव में सुलहनामा क्यों कराया गया।
वहीं स्थानीय नागरिकों व सामाजिक संगठनों ने इस घटना पर न्यायिक हस्तक्षेप की मांग की है और कहा है कि महिला की शिकायत को हल्के में लेना बेहद चिंताजनक है।








