गाजीपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में “मां के नाम एक पेड़” अभियान के तहत मरदह ब्लॉक में जोरशोर से पौधारोपण कार्यक्रम चलाया गया। वन विभाग व ग्राम पंचायतों के सहयोग से बुधवार को मुस्तफाबाद, धनेशपुर, कोर गांव और बहलोलपुर समेत कई गांवों में पौधारोपण किया गया।

कार्यक्रम के दौरान वन दरोगा आशीष कुमार ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की। उन्होंने बताया कि मरदह व बिरनो ब्लॉक में कुल 1,01,450 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

ग्राम प्रधान अशोक कुशवाहा (धनेशपुर) ने कहा कि पौधारोपण करके ही हम पर्यावरण को स्वच्छ और संतुलित बना सकते हैं। ग्राम प्रधान रामाशीष सिंह (बहलोलपुर) ने ग्राम सभा की गोचर भूमि में पौधे लगाए और कहा कि पेड़-पौधे जीवन के लिए अत्यंत अमूल्य हैं।

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विक्रांत सिंह (मुस्तफाबाद) ने भी पौधारोपण किया और लोगों से आग्रह किया कि वे अपनी मां के नाम से कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाएं।

इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी कौस्तुभमणि पाठक ने वृक्षारोपण करते हुए कहा कि वृक्ष हमें प्राणवायु प्रदान करते हैं और इन्हें बचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
ग्राम पंचायत अधिकारी जयप्रकाश राम ने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सहायक हैं और ये फल, फूल तथा लकड़ी जैसे अनेक संसाधन भी प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में आनंद सिंह, अशोक कुशवाहा, मनोज राम, श्रीनिवास कुशवाहा, सुनील, गोविंद, रामजन्म राजभर, वनरक्षक अनीता विश्वकर्मा, जितेश यादव, सुनील राम, अभिषेक सिंह, राजू सिंह, राजनाथ यादव समेत कई ग्रामीण उपस्थित रहे।









