चंदौली: डीडीयू मंडल में राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग और प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की त्रैमासिक बैठक का आयोजन मंडल कार्यालय के सभागार में किया गया। इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने की।
हिंदी में कार्य को बढ़ावा देने पर हुआ विचार-विमर्श
बैठक में मंडल स्तर पर हिंदी के प्रयोग की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई और इस बात पर गहन चर्चा हुई कि किस प्रकार हिंदी में कार्य की गुणवत्ता और मात्रा को और अधिक बढ़ाया जा सकता है। मंडल रेल प्रबंधक ने अधिकारियों से राजकीय कार्यों में हिंदी का अधिकाधिक उपयोग करने का आह्वान करते हुए कहा कि“राजभाषा का प्रयोग केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि हमारी कार्य संस्कृति का एक अभिन्न हिस्सा बनना चाहिए।”
कार्मिक विभाग को प्रदान की गई चल राजभाषा शील्ड
बैठक के दौरान बीती तिमाही में हिंदी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभागों को सम्मानित भी किया गया। चल राजभाषा शील्ड इस बार कार्मिक विभाग को प्रदान की गई, जिसे मंडल कार्मिक अधिकारी (प्रभारी) जैश कुमार ने प्राप्त किया।
वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति रही सराहनीय
बैठक में मंडल के सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का समन्वयन अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी सह अपर मंडल रेल प्रबंधक दिलीप कुमार द्वारा किया गया, जबकि संचालन राजभाषा अधिकारी सह मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार ने किया।









