Search
Close this search box.

वाराणसी: बरेका पश्चिम उपनगर की शोभा बना सोलर ट्री – हरित ऊर्जा की दिशा में एक आकर्षक पहल आधुनिक तकनीक और पर्यावरण सजगता का अद्वितीय संगम

वाराणसी: बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) ने पश्चिम उपनगर स्थित बइंटर कॉलेज चौराहे को एक नई पहचान देते हुए वहाँ अत्याधुनिक सोलर ट्री स्थापित किया है। यह सोलर ट्री न सिर्फ क्षेत्र की सौंदर्यवृद्धि में योगदान दे रहा है, बल्कि हरित ऊर्जा के प्रचार-प्रसार की दिशा में भी एक प्रभावशाली पहल के रूप में देखा जा रहा है।

महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह की पहल पर बरेका परिसर के सौंदर्यीकरण अभियान के तहत लगाए गए इस सोलर ट्री को देखने वाले इसकी तकनीकी बनावट और सौंदर्य से प्रभावित हो रहे हैं। यह ट्री रात्रिकाल में एलईडी लाइट्स से प्रकाशित होकर परिसर को स्वप्निल छटा प्रदान करता है।

नीली-श्वेत टाइलों से सजा गोलाकार चबूतरा और उस पर स्थापित यह सोलर ट्री, अपनी शाखाओं में फैले एलईडी लाइट्स के माध्यम से न सिर्फ आसपास के क्षेत्र को रोशन कर रहा है, बल्कि स्थानीय लोगों को स्वच्छ और वैकल्पिक ऊर्जा के प्रति प्रेरित भी कर रहा है।

इस सौर-ऊर्जा आधारित संरचना की खासियत यह है कि यह न केवल ऊर्जा संरक्षण का संदेश देती है, बल्कि बरेका की पर्यावरणीय संवेदनशीलता और नागरिक सुविधाओं के प्रति जागरूक दृष्टिकोण को भी उजागर करती है।

स्थानीय निवासी भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे बरेका की ओर से एक सार्थक और समयानुकूल कदम बता रहे हैं। हरित ऊर्जा और सुंदरता के इस संगम से अब बरेका का यह कोना पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणा से आलोकित हो उठा है।

Leave a Comment

और पढ़ें