वाराणसी: काशी के केदारघाट स्थित श्रीविद्यामठ में गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी श्री अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज के छायाचित्र का भव्य पूजन विधि-विधानपूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर शिष्यों और भक्तों ने वैदिक रीति से गुरु वंदना करते हुए अध्यात्म और श्रद्धा का अनुपम संगम प्रस्तुत किया।
पूजन कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक आचार्यों -पं. ओम प्रकाश पांडेय, के. के. द्विवेदी, पं. भूपेंद्र जी, शिवकांत मिश्रा, राजन तिवारी आदि, द्वारा गुरु व्यास पूजन से हुई। इसके पश्चात् शंकराचार्य जी महाराज की चरण पादुका का पूजन वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया तथा उनके छायाचित्र की आरती उतारी गई।
पूजन स्थल पर ब्रह्मलीन जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती जी महाराज तथा वर्तमान ज्योतिष्पीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज के भव्य छायाचित्र पुष्पों, मिष्ठान, फल और नैवेद्य से आच्छादित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान सुप्रसिद्ध शहनाई वादक महेंद्र प्रसन्ना एवं उनकी टीम द्वारा प्रस्तुत शहनाई वादन ने वातावरण को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं मातृशक्ति ने गुरुभजन, कीर्तन और नृत्य प्रस्तुत कर अपनी श्रद्धा समर्पित की।
शंकराचार्य जी महाराज के मीडिया प्रभारी संजय पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में महाराज जी मुंबई में चातुर्मास व्रत अनुष्ठान प्रारंभ कर चुके हैं। वहां देशभर से पहुंचे संत, वैदिक विद्यार्थी और श्रद्धालु उनके पावन सान्निध्य में आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्राप्त कर रहे हैं। बीते दिन मुंबई में निकली मंगलम शोभायात्रा में हज़ारों भक्तों ने भाग लिया।
हालांकि काशीवासी भक्त उन्हें अपने मध्य न पाकर कुछ मायूस रहे, फिर भी श्रीविद्यामठ में आज का आयोजन अत्यंत श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। आज से शंकराचार्य जी के शिष्य स्वामी केशेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज का चातुर्मास व्रत अनुष्ठान भी काशी में आरंभ हो गया है।
गुरु पूर्णिमा पूजन में प्रमुख रूप से रमेश पांडेय, दीपेंद्र सिंह, रवि त्रिवेदी, रमेश उपाध्याय, हजारी कीर्ति शुक्ला, एस. के. द्विवेदी, डॉ. अभय शंकर तिवारी, अनिल तिवारी, सतीश अग्रहरी, सावित्री पांडेय, लता पांडेय, मंजरी पांडेय, नीलम दुबे, प्रेमा तिवारी, पूनम पांडेय, पूनम मिश्रा, लीला तिवारी, रिंकी, रामचंद्र सिंह सहित भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।









