लखनऊ: उत्तर प्रदेश एटीएस (ATS) की टीम गोसाईगंज जेल पहुंची और छांगुर बाबा उर्फ जलालुद्दीन एवं उसकी सहयोगी नसरीन को पुलिस कस्टडी में लिया। कोर्ट द्वारा 7 दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड मंजूर किए जाने के बाद एटीएस अब इन दोनों से गहन पूछताछ करेगी।
सूत्रों के अनुसार, एटीएस की कई टीमें अलग-अलग कोणों से पूछताछ करेंगी, जिनका मकसद छांगुर बाबा के खातों में हुई संदिग्ध विदेशी फंडिंग, अवैध धर्मांतरण नेटवर्क और उसके सहयोगियों के जाल को उजागर करना है।
एटीएस की रडार पर पूरा नेक्सस
छांगुर बाबा पर 1500 से अधिक हिंदू लड़कियों के कथित धर्मांतरण का आरोप है, और उसके तार देश के भीतर और बाहर के कट्टरपंथी संगठनों से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। अब एटीएस की नजर छांगुर बाबा के नेटवर्क, बैंक खातों, संपत्ति, कॉल डिटेल्स और सहयोगियों पर है।
एटीएस की टीम बाबा और नसरीन को लेकर पूछताछ के लिए जेल से रवाना हो गई है। प्रारंभिक पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारी हो सकती है।









