मिर्जापुर: विंध्याचल के शिवपुर स्थित वृद्धाश्रम में आज इनर व्हील क्लब विंध्या द्वारा बुजुर्गों के लिए एक विशेष सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। क्लब ने हाल ही में कराई गई आंखों की जांच के उपरांत जरूरतमंद 21 बुजुर्गों को चश्मे वितरित किए। इन लाभार्थियों में 16 महिलाएं और 5 पुरुष शामिल रहे।
क्लब की अध्यक्ष रचना गुप्ता ने बताया कि यह पहल बुजुर्गों के सम्मान और उनके स्वास्थ्य के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा, “हमें हमारे बुजुर्गों के साथ समय बिताकर, उनसे आशीर्वाद और स्नेह की अनुभूति प्राप्त करके आत्मिक संतोष मिला।”
इस अवसर पर सभी बुजुर्गों के साथ बैठकर भजन गाए गए और उन्हें पारिवारिक प्रेम का अनुभव कराने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम के दौरान चाय और स्नैक्स का भी वितरण किया गया, जिससे वृद्धजन प्रसन्न दिखे।
इस सामाजिक सेवा कार्यक्रम में क्लब की सचिव निधि श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष जसविंदर कौर, ISO कुसुम गुप्ता और डॉ. नेहा दुबे ने सक्रिय भूमिका निभाई।
डॉ. नेहा दुबे ने कहा कि क्लब समाज सेवा के प्रति सदैव समर्पित रहा है और भविष्य में भी इस प्रकार की पहल जारी रहेगी। कार्यक्रम के समापन पर क्लब की सचिव निधि श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।









