सोनभद्र: पुनर्वास कॉलोनी G ब्लॉक में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में सिचाई विभाग के कार्य के दौरान एक अधेड़ मजदूर हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। हादसा दोपहर लगभग 4 बजे हुआ, जब सिचाई विभाग द्वारा लेवलिंग का कार्य कराया जा रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमवार गांव निवासी अजय कुमार (50 वर्ष) पुत्र अज्ञात, मजदूरी के कार्य में जुटा था। लेवलिंग के दौरान प्रयोग किए जा रहे उपकरण का संपर्क ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज विद्युत तार से हो गया, जिससे अजय कुमार को जबरदस्त करंट का झटका लगा और वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा।
घटना के तुरंत बाद पास में कार्यरत विद्युत विभाग के कर्मचारी, सिचाई विभाग के अवर अभियंता और अन्य मजदूर मौके पर पहुंचे। घायल मजदूर को तत्काल निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टरों के अनुसार, उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और इलाज जारी है।
इस हादसे के बाद कार्यस्थल की सुरक्षा मानकों और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि कार्य के दौरान मजदूरों को कोई सुरक्षा उपकरण या दिशा-निर्देश उपलब्ध नहीं कराए गए थे, जिससे इस तरह की दुर्घटना घटी।









