वाराणसी: उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट्स (उपज) की वाराणसी इकाई का स्थापना दिवस समारोह शिवपुर स्थित हनुमान मंदिर धर्मशाला में हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में पत्रकारिता जगत से जुड़े कई गणमान्य अतिथियों, पत्रकारों और सामाजिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

समारोह के विशिष्ट अतिथि डा. राम मोहन पाठक, पूर्व कुलपति, दक्षिण भारतीय हिंदी संस्थान (चेन्नई) एवं वर्तमान में असम राज्यपाल के व्यक्तिगत सलाहकार ने अपने संबोधन में कहा कि “आज पत्रकारिता जिस दिशा में जा रही है, उस पर गंभीर मंथन की आवश्यकता है। विशेषकर ग्रामीण और कस्बाई पत्रकारों के हितों की रक्षा संगठन की प्राथमिकता होनी चाहिए।”
कार्यक्रम का संचालन व अध्यक्षता
कार्यक्रम की अध्यक्षता उपज वाराणसी इकाई के अध्यक्ष विनोद कुमार बागी ने की, जबकि संचालन मोनेष श्रीवास्तव द्वारा किया गया। अध्यक्ष विनोद बागी ने बताया कि संगठन प्रदेश और जिला स्तर पर पत्रकारों के हितों के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि इस वर्ष उपज का प्रदेश अधिवेशन वाराणसी में ही आयोजित किया जाएगा, जिसकी आधिकारिक घोषणा शीघ्र की जाएगी।

सम्मान समारोह: ‘काशी कोहिनूर रत्न’ व स्मृति सम्मान
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि डा. राम मोहन पाठक को संगठन की ओर से “काशी कोहिनूर रत्न”, संस्था का सर्वोच्च सम्मान प्रदान किया गया। साथ ही दर्जनभर सक्रिय और कर्मठ पत्रकारों को स्व. राधेश्याम कर्ण स्मृति सम्मान से नवाजा गया। इनके उत्कृष्ट कार्यों को संगठन द्वारा विशेष रूप से सराहा गया।

कार्यक्रम में विशेष योगदान देने वाले आन्या ग्रीन एनर्जी के मार्केटिंग एवं इवेंट मैनेजर शिवा, तथा राघव राम बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या सुमन सिंह को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
इस कार्यक्रम में पत्रकारिता जगत के अनेक साथी, शिक्षण संस्थानों के अध्यापकगण और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए संगठन को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में उपज संगठन से मुख्य रूप से विनोद बागी (जिलाध्यक्ष), अनिल जायसवाल (वरिष्ठ उपाध्यक्ष), प्रदीप कुमार श्रीवास्तव (महामंत्री), प्रदीप कुमार उपाध्याय (जिला संगठन मंत्री), प्रज्ञा मिश्रा (जिला मंत्री), मोनेश श्रीवास्तव, अरविंद कुमार श्रीवास्तव (कोषाध्यक्ष), संतोष कुमार, महावीर श्रीवास्तव, पंकज श्रीवास्तव सहित अन्य कार्यकारिणी सदस्यगण भी उपस्थित रहे।








