वाराणसी: थाना कपसेठी पुलिस ने थार गाड़ी से धक्का मारकर लूटपाट करने के मामले में फरार चल रहे एक वांछित बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी उस मुकदमे से जुड़ी है, जो 8 जुलाई 2025 को भदोही निवासी रंजीत गुप्ता की तहरीर पर दर्ज हुआ था।
पीड़ित ने पुलिस को बताया था कि वह बाइक से जा रहा था, तभी महिंद्रा थार (UP 62 CU 5857) पर सवार कुछ लोगों ने उसकी बाइक को ओवरटेक कर धक्का मारा, मारपीट की और बाइक लूट ली। मामले की जांच में थाना कपसेठी पुलिस ने मु.अ.सं. 92/2025, धारा 309(6) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी और माल बरामदगी के प्रयास शुरू किए।
इससे पहले, 10 जुलाई 2025 को पुलिस ने आरोपी बृजेश तिवारी को गिरफ्तार कर लूटी गई बाइक बरामद की थी। वहीं 20 जुलाई 2025 को दूसरे आरोपी दीपक तिवारी को पकड़ा गया और न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया था।
आज (11 अगस्त 2025) मुकदमे से जुड़े वांछित बाल अपचारी ने स्वयं थाना कपसेठी में उपस्थित होकर आत्मसमर्पण किया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।
अपराध का तरीका
आरोपियों का गैंग सुनसान स्थानों पर अकेले राहगीरों को निशाना बनाता था। वे पहले थार से धक्का मारते, फिर मारपीट कर लूटपाट करते थे। साथी आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद यह बाल अपचारी लगातार पुलिस से बचने के लिए छिपकर रह रहा था।









