Mirzapur(Ujala Sanchar) : विंध्याचल थाना क्षेत्र के अकोढ़ी गांव के पास पुलिस ने देर शाम बदमाशों से हुई मुठभेड़ में दो को गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया है। जिनकी पहचान प्रयागराज निवासी विपिन निषाद और उज्जवल के रूप में की गई हैं। विपिन निषाद के ऊपर 25 हजार का इनाम था।

मुखबिर की सूचना पर सक्रिय पुलिस ने विंध्याचल क्षेत्र में घेराबंदी कर बदमाशों को रुकने के लिए आवाज लगाई। पुलिस को देख फायर करते हुए बदमाश भागने लगे। जिस पर पुलिस ने भी जवाबी फायर किया। गोली बदमाशों के पैर में जा लगी। उनके घायल होने के बाद पुलिस ने दोनों को दबोच लिया। दोनों शातिर किस्म के अपराधी हैं। प्रयागराज निवासी विपिन निषाद पर करीब 26 मुकदमे दर्ज हैं। उज्जवल के खिलाफ करीब चार मामले बताए गए हैं ।

आपराधिक वारदातों को अंजाम देते थे
दोनों बदमाश जिले के विभिन्न थाना क्षेत्र में आपराधिक वारदातों को अंजाम देकर प्रयागराज भाग जाते थे। चील्ह थाना क्षेत्र में गत माह महिला से छिनैती की थी। इनके खिलाफ जिगना, कटरा एवं चील्ह थाने में मुकदमे दर्ज हैं। नवरात्रि मेला के दौरान यह बदमाश शिकार की तलाश में पुनः मिर्जापुर आए थे। सटीक सूचना मिलने पर पुलिस से हुई मुठभेड़ के बाद पकड़े गए।
पुलिस कर रही थी तलाश
एसपी नक्सल ओपी सिंह ने बताया कि दोनों बदमाशों के खिलाफ जिले में कई मामले दर्ज हैं। इनकी पुलिस को अर्से से तलाश थी। यह जिले में वारदातों को अंजाम देकर भाग जाते थे। आज मुठभेड़ के बाद पकड़े गए हैं। जिन्हें मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनकी हालत सामान्य है।









