गाजीपुर: थाना क्षेत्र के ग्राम व पोस्ट मरदह में 14 अगस्त की देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 13 वर्षीय लक्ष्मी राजभर की सांप के काटने से मौत हो गई।

सूत्रों के मुताबिक, रात करीब 1 बजे लक्ष्मी ने अपनी मां को बताया कि उसे कुछ काट लिया है। मां ने स्थिति को गंभीरता से न लेते हुए उसे सोने की सलाह दी। लेकिन तड़के लगभग 4 बजे लक्ष्मी की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी, जिससे परिवार में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में परिजन उसे अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

मृतका लक्ष्मी राजभर, पिता त्रिभुवन राजभर की चार संतान में सबसे बड़ी और परिवार की होनहार पुत्री थी। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से तहरीर लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। गांव में इस घटना के बाद शोक की लहर है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।








