Search
Close this search box.

स्वच्छता के संकल्प के साथ मनाया जा रहा आज़ादी का जश्न, बनारस स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक ने किया निरीक्षण

वाराणसी: आज़ादी का जश्न इस बार वाराणसी मंडल रेलवे ने स्वच्छता के संकल्प के साथ मनाने का फैसला किया है। इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) आशीष जैन ने बुधवार को बनारस रेलवे स्टेशन का स्वच्छता निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान, मंडल वाणिज्य प्रबंधक रमेश पाण्डेय, कोचिंग डिपो अधिकारी विनीत रंजन समेत स्टेशन के कर्मचारी मौजूद रहे। डीआरएम ने स्टेशन की सेकेंड एंट्री, यात्री हाल, टिकट काउंटर, पूछताछ काउंटर, प्लेटफार्म संख्या 8, यात्री प्रतिक्षालय, विश्रामालय, डॉरमेट्री, फूड प्लाजा और खानपान स्टॉल का जायज़ा लेकर स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

स्वच्छता पखवाड़े के प्रथम चरण के तेरहवें दिन वाराणसी मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (Enhm) अभिषेक राय के नेतृत्व में स्वास्थ्य निरीक्षकों, संविदा कर्मियों और रेलवे स्टाफ ने मिलकर जनजागरूकता रैलियां, नुक्कड़ नाटक, स्लोगन, पोस्टर और बैनरों के माध्यम से यात्रियों को स्वच्छता का संदेश दिया।

बनारस स्टेशन पर सफाई मित्रों और कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। वहीं, वाराणसी सिटी, बलिया, देवरिया सदर, सीवान, आज़मगढ़, गाजीपुर सिटी, मऊ, छपरा, प्रयागराज रामबाग और भटनी स्टेशनों पर पौधा वितरण, जनजागरूकता रैलियां, नुक्कड़ नाटक, स्वच्छ प्रसाधन एवं कार्यालयों की सफाई, और सामूहिक श्रमदान का आयोजन किया गया।

साथ ही, सभी प्रमुख स्टेशनों पर “स्वच्छ प्रसाधन” और “स्वच्छ संवाद” कार्यक्रम आयोजित कर यात्रियों और कर्मचारियों को स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प दिलाया गया। वाराणसी मंडल ने स्पष्ट किया कि स्वतंत्रता दिवस पर स्वच्छता ही उनका प्रमुख संदेश होगा।

Leave a Comment

और पढ़ें