सलेमपुर/देवरिया : नवरात्रि के पावन अवसर पर सलेमपुर विधानसभा क्षेत्र में योगी सरकार की लोकप्रिय राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम को नारी शक्ति के रूप में भव्य सम्मान प्राप्त हुआ। गुरुवार को नवरात्रि के पहले दिन, शिक्षा के मंदिरों में उनका भव्य स्वागत किया गया, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या मौजूद रही। भाजपा सदस्यता अभियान में शामिल कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता के बीच विजय लक्ष्मी गौतम की उपस्थिति ने नवरात्रि उत्सव में चार चांद लगा दिए।
सबसे पहले राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम सलेमपुर की जीएम एकेडमी पहुंचीं, जहां विद्यालय के प्रिंसिपल मोहन द्विवेदी ने चुनरी भेंटकर उन्हें नारी शक्ति का प्रतीक मानकर सम्मानित किया। विद्यालय में उनके आगमन से माहौल उत्साहपूर्ण हो गया और सभी छात्रों और शिक्षकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

मंत्री के आगमन की सूचना मिलते ही पड़ोस के सेंट जेवियर्स स्कूल के प्रिंसिपल वीके शुक्ला ने भी गुलदस्ता भेंटकर विजय लक्ष्मी गौतम का सम्मान किया। इस अवसर पर उन्होंने उन्हें नारी शक्ति का प्रतीक बताते हुए कहा कि विजय लक्ष्मी गौतम महिलाओं के सशक्तिकरण की प्रेरणा हैं। इस दौरान जीएम एकेडमी ने सभी भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनसमूह को चुनरी और गमछा भेंट करते हुए नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं।
राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम ने सभी कार्यकर्ताओं को चुनरी और गमछा भेंटकर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि नवरात्रि का पर्व नारी शक्ति और सामर्थ्य का प्रतीक है, और इस अवसर पर उन्होंने मां दुर्गा से सभी के सुख-समृद्धि और देश की खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
इसके बाद मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम सलेमपुर के मुख्य मार्ग स्थित सेंट पाल स्कूल पहुंचीं, जहां विद्यालय के डायरेक्टर विनोद तिवारी और विद्यालय परिवार ने उनका भव्य स्वागत किया। सैकड़ों की संख्या में उपस्थित कार्यकर्ता और आमजन उनके सम्मान में उमड़ पड़े। इस दौरान विद्यालय परिवार ने भी नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए राज्यमंत्री को चुनरी और पुष्पगुच्छ भेंट किए।

मीडिया से बातचीत के दौरान विजय लक्ष्मी गौतम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार की उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा, “मोदी जी और योगी जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश और देश की जनता को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है और आगे भी मिलता रहेगा।”
सलेमपुर नगर पंचायत और लार-मझौली नगर पंचायतों के विकास पर विशेष जोर देते हुए विजय लक्ष्मी गौतम ने बताया कि सलेमपुर के विकास के लिए करीब दस करोड़ और लार व मझौली के लिए आठ-आठ करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत किया गया है। उन्होंने कहा, “मेरा उद्देश्य है कि मेरे विधानसभा क्षेत्र की सभी नगर पंचायतों में विकास की गंगा बहे और हर व्यक्ति को इसका लाभ मिले।”
राज्यमंत्री ने इस अवसर पर नौ देवियों से सलेमपुर विधानसभा क्षेत्र के साथ-साथ पूरे देश की खुशहाली के लिए मन्नत मांगी। उनका यह दौरा स्थानीय जनता और कार्यकर्ताओं के लिए उत्साहवर्धक रहा, और नवरात्रि के पहले दिन को एक ऐतिहासिक बना दिया।
रिपोर्ट- शीतल निर्भीक









