गाजीपुर: नंदगंज थाना क्षेत्र के चौचकपुर रोड स्थित नई सब्जी मंडी के सामने एक किराना गोदाम में बीती रात शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। इस हादसे में गोदाम में रखा करीब डेढ़ से दो लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
जानकारी के अनुसार, नंदगंज बाजार निवासी आयुष जायसवाल की नई सब्जी मंडी के सामने किराने की दुकान है। दुकान के बगल में ही उन्होंने किराना सामान का गोदाम बना रखा था। रोज की तरह दुकान बंद करने के बाद आयुष अपने रेलवे स्टेशन तिराहा स्थित आवास पर चले गए। देर रात अचानक शॉर्ट सर्किट से गोदाम में आग लग गई।
आग लगने से गोदाम से तेज धुआं उठता देख पड़ोसियों ने तुरंत आयुष को फोन कर सूचना दी। इसके बाद स्थानीय लोगों और दुकानदार के प्रयास से किसी तरह आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आग फैलने से बड़ा हादसा होने से बच गया। हालांकि, गोदाम में रखा लाखों का सामान जलकर राख हो गया।
बताया जा रहा है कि नंदगंज बाजार में बिजली शॉर्ट सर्किट से आग लगने की कई घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। स्थानीय लोग बार-बार ऐसी घटनाओं पर चिंता जता चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है।











