बलिया: थाना क्षेत्र के महेगवां गांव के सामने गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन मार्ग पर बुधवार की शाम एक डीसीएम वाहन से पशु तस्करी की आशंका में एक बड़ी कार्रवाई हुई। वाहन में छोटे-बड़े करीब एक दर्जन पशु लदे हुए थे, जिन्हें अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष दुर्गेश श्रीवास्तव ने टीम के साथ पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार, जिला अध्यक्ष दुर्गेश श्रीवास्तव अपने निजी कार्य से मुस्तफाबाद गांव से होकर लगभग पांच बजे ज़िला मुख्यालय की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मरदह बस स्टैंड के पास से एक तेज रफ्तार डीसीएम वाहन गाजीपुर की ओर जा रहा था। जब उसे रोकने का प्रयास किया गया तो चालक ने रफ्तार और बढ़ा दी। बाद में चार पहिया वाहन की मदद से हाईवे पर महेगवां गांव के पास घेराबंदी कर वाहन को रोका गया।
पकड़े गए वाहन चालक से पूछताछ करने पर वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। उसने वाहन को जबलपुर, मध्यप्रदेश ले जाने की बात कही। पशु तस्करी की आशंका पर तुरंत स्थानीय पुलिस व पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा को सूचित किया गया। जिसके बाद वाहन, चालक व पशुओं को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष तारावती यादव ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट– धर्मेंद्र कुमार

Author: Ujala Sanchar
उजाला संचार एक प्रतिष्ठित न्यूज़ पोर्टल और अख़बार है जो स्थानीय, राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और अन्य समाचारों को कवर करती है। हम सटीक, विश्वसनीय और अद्यतन जानकारी प्रदान करने के लिए समर्पित हैं।