Search
Close this search box.

सोनभद्र: स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ग्रामवासी दादा की 126वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई

सोनभद्र: प्रख्यात स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, निर्भीक पत्रकार और जनपद के प्रथम विधायक पंडित बृजभूषण मिश्र ‘ग्रामवासी दादा’ की 126वीं जयंती रविवार को ग्रामवासी सेवा आश्रम, चोपन में धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाई गई।

कार्यक्रम की शुरुआत आश्रम की संस्थापक एवं अंतरराष्ट्रीय वायलिन वादक, दादा की पुत्री शुभाशा मिश्रा ने मंचासीन अतिथियों के साथ दादा जी की प्रतिमा व चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन और वंदे मातरम् गान के साथ की।

जयंती समारोह की अध्यक्षता राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक ओमप्रकाश त्रिपाठी ने की। उन्होंने दादा जी के जीवन और योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित वरिष्ठ समाजसेवी अखिलेश पांडेय ने कहा कि ग्रामवासी दादा का आश्रम सदैव उनके महान कार्यों की याद दिलाता रहेगा और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगा।

वरिष्ठ अधिवक्ता एवं आश्रम के विधिक सलाहकार राकेश शरण मिश्र ने कहा कि ग्रामवासी दादा का पूरा जीवन संघर्ष, त्याग, सुचिता और सामाजिक विकास का प्रतीक रहा है। यह आज की पीढ़ी के लिए भी अनुकरणीय है।

कवि दिवाकर मेघ, सुरेंद्र बरनवाल, सुरेश तिवारी, रवि प्रकाश चौबे सहित कई वक्ताओं ने भी संबोधित किया और श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।ग्रामवासी दादा के पंचसूत्रों में से नशा उन्मूलन को आगे बढ़ाते हुए आश्रम परिसर में संचालित संकल्प नशा मुक्ति एवं स्वास्थ्य सेवा केंद्र के प्रबंधक नीशु यादव व मरीजों ने भी दादा जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से लखनऊ से जेपी पांडेय, काशी से भूपेंद्र सिंह, ज्ञानेन्द्र पाठक, संतोष मिश्रा, सदाफल साहनी, ओमप्रकाश, शेफाली, मेराज अहमद सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन राजेश अग्रहरी ने किया जबकि समापन व आभार ज्ञापन आश्रम की संस्थापक शुभाशा मिश्रा ने किया।

Leave a Comment

और पढ़ें