दुद्धी: कस्बे के वार्ड नंबर 5 में बीती रात चोरों के गिरोह ने एक प्रतिष्ठित कपड़ा और बीड़ी व्यवसाई के मकान को निशाना बनाया। ताला बंद मकान में घुसकर चोर लाखों रुपये की नगदी और जेवरात लेकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।
जानकारी के अनुसार, व्यवसाई मुहम्मद आलम बुधवार को रांची गए थे, जहां उनके दोनों बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं। उनकी पत्नी भी बच्चों के पास थीं। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे उनका एक कर्मचारी बीड़ी लेने गोदाम पहुंचा तो देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है। उसने तुरंत इसकी सूचना मालिक को दी।
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और स्थानीय लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। खबर लिखे जाने तक पीड़ित ने कोई लिखित तहरीर पुलिस को नहीं दी थी।
सेलफोन पर बातचीत में व्यवसाई मुहम्मद आलम ने बताया कि चोर बाउंड्रीवॉल फांदकर घर में दाखिल हुए और इत्मीनान से ताले तोड़कर चोरी की। उन्होंने आशंका जताई कि करीब 11 लाख रुपये नकद और 25 से 30 लाख रुपये के जेवरात चोरी हुए हैं। आलम ने कहा कि वे लौटकर पुलिस को तहरीर देंगे।
प्रभारी निरीक्षक मनोज सिंह ने बताया कि दुद्धी नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर 5 में चोरी की घटना की जानकारी फोन से मिली। पुलिस ने प्रथम दृष्टया जांच शुरू कर दी है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।







