चंदौली: हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद जी की जयंती पर मनाए जा रहे राष्ट्रीय खेल दिवस 2025 के अवसर पर डीडीयू मंडल में आज से तीन दिवसीय खेल महापर्व की शुरुआत हुई। यह आयोजन “ओलंपिक भावना” को समर्पित है, जिसमें उत्कृष्टता, मित्रता और सम्मान जैसे मूल्यों को केंद्र में रखा गया है।

सुबह सुरुचि संस्थान, यूरोपियन कॉलोनी में मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने महोत्सव का भव्य शुभारंभ किया। इसके साथ ही यूरोपियन कॉलोनी बाकले रोड पर मिनी मैराथन आयोजित की गई, जिसमें मंडल रेल प्रबंधक, अपर मंडल रेल प्रबंधक दिलीप कुमार, विभिन्न शाखा अधिकारी एवं बड़ी संख्या में रेलकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इसके पश्चात बाकले क्रिकेट मैदान में कुश्ती, हॉकी और फुटबॉल की रोमांचक प्रतियोगिताएं हुईं। मंडल रेल प्रबंधक ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर डीडीयू मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा चित्रा सिंह भी उपस्थित रहीं।

विशेष अवसर पर मंडल के क्रिकेट खिलाड़ी शिवाकांत शुक्ला, जिन्होंने बीसीसीआई की रेफरी परीक्षा में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है, को मंडल रेल प्रबंधक द्वारा विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
खेल महोत्सव का संचालन मंडल क्रीड़ा अधिकारी सह वरीय मंडल वित्त प्रबंधक श्री राहुल राज के नेतृत्व में किया जा रहा है। मंडल क्रीड़ा संघ द्वारा 29 से 31 अगस्त 2025 तक विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा।
इस तीन दिवसीय महापर्व में मंडल के प्रतिष्ठित खिलाड़ी एवं रेलकर्मी सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं, जिससे खेल भावना और ओलंपिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाया जा सके।

Author: Ujala Sanchar
उजाला संचार एक प्रतिष्ठित न्यूज़ पोर्टल और अख़बार है जो स्थानीय, राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और अन्य समाचारों को कवर करती है। हम सटीक, विश्वसनीय और अद्यतन जानकारी प्रदान करने के लिए समर्पित हैं।