Search
Close this search box.

वाराणसी: दक्षिण अफ्रीका के पांच सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल ने किया बरेका का दौरा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

वाराणसी: दक्षिण अफ्रीका के पांच सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल ने 1 सितंबर 2025 को बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) का दौरा किया। यह दल मेसर्स सिको अफ्रिका एनर्जी एंड इंफ्रास्ट्रक्चर, दक्षिण अफ्रीका के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शिवप्रगसेन नायडू के नेतृत्व में बरेका पहुंचा।

प्रतिनिधि मंडल का मुख्य उद्देश्य भारतीय रेल में सेवारत 3100 अश्व शक्ति ब्रॉड गेज अल्को लोकोमोटिव को केप गेज में परिवर्तन के बाद खरीदने की संभावनाओं का अध्ययन करना था। इस दौरान मंडल ने लोको की तकनीकी जानकारी ली और बरेका की उत्पादन एवं डिजाइन क्षमताओं का गहन अवलोकन किया।

प्रतिनिधि मंडल में शिवप्रगसेन नायडू, मेसेला मैरी न्हालापो, इवान प्रिन्स्लू, मुनीश गुप्ता और वॉन जोहान क्रिस्टियान इक शामिल थे। बरेका पहुंचने पर मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन एवं विपणन) सुनील कुमार ने उनका स्वागत किया। इसके बाद प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर सुशील कुमार श्रीवास्तव ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्रतिनिधि मंडल से मुलाकात की।

प्रतिनिधि मंडल ने कारखाना भ्रमण के दौरान लाइट मशीन शॉप, सब-असेंबली शॉप, इंजन इरेक्शन शॉप, इंजन टेस्ट शॉप, लोको फ्रेम शॉप, लोको असेंबली शॉप, लोको टेस्ट शॉप और न्यू ब्लॉक शॉप सहित विभिन्न शॉपों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें लोको निर्माण की संपूर्ण प्रक्रिया से अवगत कराया गया।

कारखाना भ्रमण के उपरांत पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से बरेका की उत्पादन प्रक्रियाओं, निर्माण सुविधाओं, वर्तमान परियोजनाओं और इतिहास पर विस्तृत जानकारी दी गई। प्रतिनिधिमंडल बरेका की डिजाइन क्षमताओं और लोकोमोटिव निर्माण की आधुनिक सुविधाओं से काफी प्रभावित नजर आया।

इस अवसर पर प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील, मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन एवं विपणन) सुनील कुमार सहित बड़ी संख्या में बरेका के अधिकारी उपस्थित थे।

Ujala Sanchar
Author: Ujala Sanchar

उजाला संचार एक प्रतिष्ठित न्यूज़ पोर्टल और अख़बार है जो स्थानीय, राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और अन्य समाचारों को कवर करती है। हम सटीक, विश्वसनीय और अद्यतन जानकारी प्रदान करने के लिए समर्पित हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें