गाजीपुर: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनकी दिवंगत मां के खिलाफ कांग्रेस और सहयोगी दलों द्वारा की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के विरोध में बुधवार को भाजपा महिला मोर्चा और युवा मोर्चा ने संयुक्त रूप से आक्रोश रैली निकाली।
रैली लंका मैदान से शुरू होकर लंका बस स्टैंड, अंबेडकर पार्क और सांसद तिराहा होते हुए कचहरी स्थित सरयूपांडेय पार्क तक पहुंची, जहां यह सभा में परिवर्तित हो गई।
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक सुनीता सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री की मां पर अपशब्द कहना अत्यंत निंदनीय और असहनीय है। उन्होंने मांग की कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव देश से माफी मांगें। नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने कहा कि मोदी जी की मां ने त्याग और तपस्या से उन्हें देश सेवा के योग्य बनाया है, ऐसे में उनके लिए अपशब्द कहना भारतीय संस्कारों का अपमान है।
महिला मोर्चा की नेत्री विमला मौर्य ने आरोप लगाया कि कांग्रेस संस्कारविहीन राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि देश की महिलाएं आने वाले चुनावों में कांग्रेस को करारा जवाब देंगी।
सभा में भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश राजभर, सैदपुर नगर पंचायत अध्यक्ष सुशीला सोनकर, मरदह ब्लॉक प्रमुख सीता सिंह, भाजयुमो जिलाध्यक्ष विश्व प्रकाश अकेला, माया सिंह, पूनम मौर्य, मीरा श्रीवास्तव समेत कई नेताओं ने संबोधन दिया।
रैली में शामिल महिलाओं और युवाओं ने हाथों में तख्तियां लेकर जोरदार नारेबाजी की—
- “राहुल गांधी शर्म करो”
- “मां का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान”
- “कांग्रेस की यही पहचान – मां का अपमान”
कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष साधना राय ने की और संचालन किरन सिंह ने किया। अंत में साधना राय ने सभी का आभार जताया। रैली पूरी तरह शांतिपूर्ण रही लेकिन माहौल में जोश और आक्रोश साफ दिखाई दिया।

Author: Ujala Sanchar
उजाला संचार एक प्रतिष्ठित न्यूज़ पोर्टल और अख़बार है जो स्थानीय, राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और अन्य समाचारों को कवर करती है। हम सटीक, विश्वसनीय और अद्यतन जानकारी प्रदान करने के लिए समर्पित हैं।