Search
Close this search box.

वाराणसी: जीएसटी दरों में कमी पर व्यापार मंडल ने जताया आभार, प्रधानमंत्री को भेजा धन्यवाद पत्र

वाराणसी: जीएसटी दरों में हाल ही में की गई कमी को लेकर वाराणसी व्यापार मंडल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। शनिवार को व्यापार मंडल अध्यक्ष अजीत सिंह बग्गा के नेतृत्व में दर्जनभर पदाधिकारी और महिला प्रतिनिधि जिलाधिकारी आवास पहुंचे और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार को प्रधानमंत्री को संबोधित धन्यवाद पत्र सौंपा।

व्यापार मंडल ने पत्र में लिखा कि 5 और 18 प्रतिशत की दरों में कमी से न केवल व्यापारियों को राहत मिलेगी, बल्कि आम जनता को भी सीधा लाभ पहुंचेगा। खाने-पीने की वस्तुओं और रोजमर्रा की चीज़ों पर टैक्स घटने से लोगों पर पड़ने वाला अतिरिक्त आर्थिक बोझ कम हुआ है। साथ ही जीवन रक्षक दवाओं को कर राहत देने को मंडल ने ऐतिहासिक और जनहितकारी निर्णय बताया। इससे स्वास्थ्य सेवाओं की लागत भी कम होगी।

हालांकि, व्यापार मंडल ने कहा कि अभी भी कुछ क्षेत्रों को राहत नहीं मिल सकी है। विशेष रूप से मोबाइल फोन रिचार्ज पर जीएसटी में कटौती की आवश्यकता बताई गई। मंडल ने प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री से इस पर ध्यान देने की अपील की, यह कहते हुए कि मोबाइल अब हर वर्ग और आयु वर्ग की जरूरत बन चुका है।

धन्यवाद पत्र वाराणसी व्यापार मंडल से संबद्ध 50 व्यापार मंडलों तथा उनकी शहरी और ग्रामीण शाखाओं के पैड पर लिखा गया। इस अवसर पर महामंत्री कवीन्द्र जायसवाल, मनीष गुप्ता, संजय निरंकारी, दीप्तीमान देव, गुनगीत बग्गा, सरोज गुप्ता, शाहिद कुरैशी, रंजीता सिंह, राजीव वर्मा, अरविंद गुप्ता, निर्जला सिंह और प्रिया अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में व्यापारी एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें