वाराणसी: बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में सुबह “संडे ऑन साइकिल” अभियान के तहत साइकिल रैली का आयोजन किया गया। “फिटनेस का डोज, आधा घंटा रोज” का संदेश लेकर आयोजित इस रैली में अधिकारियों, कर्मचारियों, खेल संघ के खिलाड़ियों, बच्चों, महिलाओं और रेल सुरक्षा बल के जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

रैली का शुभारंभ सुबह 6 बजे बरेका गोल्फ कोर्स गेट से हुआ। प्रतिभागियों ने रेल सुरक्षा पोस्ट, कुंदन तिराहा, पूर्वी रेलवे कॉलोनी, केंद्रीय चिकित्सालय होते हुए बास्केटबॉल ग्राउंड तक रैली निकाली और फिटनेस एवं स्वास्थ्य का संदेश दिया।

प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर एवं बरेका खेल संघ के अध्यक्ष एस.के. श्रीवास्तव ने हरी झंडी दिखाकर रैली की शुरुआत की। उन्होंने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि “नियमित व्यायाम और साइकिल चलाना न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है बल्कि यह प्रदूषण कम करने और पर्यावरण संरक्षण का भी महत्वपूर्ण साधन है।”
यह कार्यक्रम फिट इंडिया मूवमेंट के तहत नागरिकों को प्रतिदिन आधा घंटा शारीरिक व्यायाम के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
इस मौके पर मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन एवं विपणन) एवं महासचिव बरेका खेलकूद संघ सुनील कुमार, मुख्य अभिकल्प इंजीनियर (विद्युत) अनुराग गुप्ता, प्राचार्य प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र राजेश कुमार, वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय सिंह दुर्गा, सहायक रेल सुरक्षा आयुक्त जे.पी. मौर्या, जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार, रेल सुरक्षा बल निरीक्षक के.के. सिंह, वरिष्ठ बास्केटबॉल कोच राजू यादव सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, खिलाड़ी व नागरिक उपस्थित रहे।








