मिर्जापुर: चुनार तहसील क्षेत्र के कैलहट गांव के सैकड़ों ग्रामीणों ने सोमवार को तहसील मुख्यालय पर पहुंचकर ग्राम प्रधान सर्वेश सिंह के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और नारेबाजी की।
ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान की मनमानी से अन्नपूर्णा राशन सेंटर गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर बनवाया जा रहा है। उनका कहना है कि इतनी दूरी पर केंद्र बनने से ग्रामीणों को राशन लेने में परेशानी होगी। बारिश के दिनों में रास्ता डूब जाता है और बगल में बना कूड़ा सेंटर भी लोगों के लिए दिक्कत का कारण है।
ग्रामीणों ने कहा कि जहां पहले राशन का वितरण होता था या फिर गांव के खलिहान में सेंटर बनाया जाए, वहां उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन दूर बनवाना पूरी तरह गलत है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने प्रधान से इस पर बातचीत की तो प्रधान ने कहा कि “हम ब्लॉक पर कमीशन देते हैं, हमारा कोई कुछ नहीं कर सकता।”
प्रदर्शन के दौरान नाराज ग्रामीण नारायनपुर ब्लॉक भी पहुंचे और अधिकारियों से मुलाकात की। अधिकारियों ने फोन पर सचिव को निर्देश देते हुए फिलहाल निर्माण कार्य रोकने का आदेश दिया। बाद में ग्रामीणों ने अपनी मांगों को लेकर तहसीलदार चुनार को ज्ञापन सौंपा।








