मिर्जापुर: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार प्राप्त करने के बाद विद्यालय की प्रधानाध्यापिका मधुरिमा तिवारी का विद्यालय पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। बच्चों और अभिभावकों ने उन्हें नायक की तरह सम्मान दिया। यह क्षण मिर्जापुर ही नहीं बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण रहा।

स्वागत समारोह में बच्चों ने गुलाब की पंखुड़ियों से अपनी अध्यापिका को ढक दिया। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी, नगर पालिका, ईआरपी वीर भानु सिंह, किरण सिंह, स्वप्निल श्रीवास्तव, सत्य प्रकाश, अरविंद तिवारी, शिक्षक ज्ञानेंद्र सिंह, मंजुला सिंह सहित अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

शिक्षा अधिकारियों ने कहा कि मधुरिमा तिवारी ने न सिर्फ जिले बल्कि पूरे प्रदेश का मान बढ़ाया है। उनकी निष्ठा और समर्पण प्रेरणादायी है। वहीं अभिभावकों ने कहा कि मधुरिमा जैसी अध्यापिका बच्चों का सदैव हित सोचती हैं, और उनके सम्मानित होने से हम सभी गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।
अपने सम्मान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मधुरिमा तिवारी ने कहा कि – “यह पुरस्कार मिलने के बाद मेरी जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है। मैं अपना शत-प्रतिशत प्रयास कर विद्यालय और बच्चों को आगे ले जाऊंगी। यह विद्यालय ही मेरी पहचान है और आज मैं जो कुछ भी हूँ, इस विद्यालय और इन बच्चों की वजह से हूँ।”








