Search
Close this search box.

एडीजी वाराणसी जोन ने किया मीरजापुर पुलिस लाइन्स का औचक निरीक्षण, रिक्रूट आरक्षियों को अनुशासन और सेवा भावना का दिया संदेश

अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन पीयूष मोर्डिया ने 8 सितंबर को पुलिस लाइन्स मीरजापुर का औचक निरीक्षण किया। उनके साथ पुलिस महानिरीक्षक विन्ध्याचल परिक्षेत्र आर.पी. सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान रिक्रूट आरक्षियों के प्रशिक्षण से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

अपर पुलिस महानिदेशक ने बैरक, मेस, कम्प्यूटर कक्ष, मनोरंजन कक्ष और क्लासरूम का सूक्ष्म अवलोकन किया। साथ ही आईटीसी (इनडोर ट्रेनिंग कोर्स) में चल रही प्रशिक्षण व्यवस्था, अनुशासन, उपस्थिति और अन्य सुविधाओं का भी गहन निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण में गुणवत्ता, समयबद्धता और व्यवहारिक कौशल को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही फील्ड प्रैक्टिकल को अधिक प्रभावी एवं वर्तमान परिस्थितियों के अनुरूप बनाने पर जोर दिया, ताकि प्रशिक्षु आरक्षी भविष्य में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

निरीक्षण के बाद पुलिस लाइन्स स्थित माँ विन्ध्यवासिनी सभागार में रिक्रूट आरक्षियों और प्रशिक्षकों के साथ बैठक की गई। इस दौरान उन्होंने आरक्षियों को निष्ठा, अनुशासन, टीमवर्क और सेवा भावना को जीवन का हिस्सा बनाने की प्रेरणा दी। निरंतर सीखने और खुद को बेहतर बनाने का संदेश भी दिया। प्रशिक्षकों को प्रशिक्षण पद्धति में नवाचार और व्यवहारिक अभ्यास बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

जनपद स्तर पर की गई संपूर्ण प्रशिक्षण व्यवस्था की सराहना की गई। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक आपरेशन ओ.पी. सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह, क्षेत्राधिकारी यातायात/लाइन्स शिखा भारती, क्षेत्राधिकारी नगर विवेक जावला, क्षेत्राधिकारी सदर अमर बहादुर, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन्स मन मोहन सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें